बस्ती। जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान ने लोगों की दिनचर्या बदल दी है। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग धूप से बचाव के लिए गमछा और टोपी का सहारा ले रहे हैं।
पिछले दो सप्ताह में गमछा और टोपी की बिक्री में लगभग दोगुना इजाफा हुआ है। बढ़ती गर्मी के बीच बाजार में सूती गमछों और विभिन्न प्रकार की टोपियों की मांग बढ़ गई है। दुकानों के साथ ही शहर के गांधी नगर, पक्के, रोडवेज आदि क्षेत्रों में फुटपाथों पर भी गमछा और टोपी की अस्थायी दुकानें सज गई हैं। दुकानदार संदीप जायसवसाल ने बताया कि इस समय सबसे अधिक मांग सूती और मलमल के गमछों की है। हल्के और पसीना सोखने वाले गमछे लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। बाजार में सामान्य सूती गमछा 60 से 70 रुपये तक बिक रहा है, जबकि बेहतर क्वालिटी वाले चेकदार और डिजाइनर गमछों की कीमत 100 से 150 रुपये तक है। कुछ दुकानों पर बिहार और बंगाल से आए पतले सूती गमछे भी उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 120 रुपये तक पहुंच रही है। टोपी की बात करें तो सफेद कॉटन कैप, स्पोर्ट्स कैप और चौड़ी किनारी वाली धूप से बचाने वाली टोपी की बिक्री बढ़ी है। दुकानदार राजू गुप्ता ने बताया कि कॉटन टोपी 90 से 120 रुपये, जबकि अच्छी क्वालिटी की ब्रांडेड कैप 150 से 300 रुपये तक बिक रही है। बच्चों के लिए रंग-बिरंगी कैप भी बाजार में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।