संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम बस्ती-अयोध्या हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी चला रही युवती की मौत हो गई जबकि पीछे बैठा युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मिल्कीपुर अयोध्या निवासी आरती (22) पुत्री राजू कुमार शुक्रवार शाम करीब 5:10 बजे स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। इससे आरती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि स्कूटी पर सवार अंकित (22) घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से कप्तानगंज अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने आरती को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंकित का इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय युवती ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।