यूं तो पहली अप्रैल से ही परिवर्तन की बयार बहने लगी थी लेकिन तमाम बदलाव पहली मई यानी सोमवार से लागू हो रहे हैं। प्राइमरी स्कूलों के खुलने-बंद होने का समय बदलेगा साथ ही कचहरी में अब दो महीने मार्निंग कोर्ट लगेगी। अदालतों के खुलने का समय भी आज से बदल जाएगा। पेट्रोलियम उत्पादों जैसे डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की कीमत सोमवार से प्रतिदिन तय होगी। इसके अलावा विभागीय समीक्षा भी शुरू हो जाएगी।
प्राइमरी स्कूल अब तक आठ बजे से एक बजे तक खुलता रहा है लेकिन धूप और गर्मी देखते हुए इसका समय बदलकर सात बजे से 12 बजे दोपहर तक कर दिया गया है। बीएसए एमपी वर्मा का कहना है कि शासन के निर्देश पर यह व्यवस्था पहली मई से लागू होगी। गर्मी के पूरे मौसम बदले समय से ही स्कूल का संचालन किया जाएगा। इसी तरह कोर्ट का समय भी आज से बदल जाएगा। सोमवार यानि आज से दीवानी व फौजदारी न्यायालय का कामकाज सुबह साढ़े छह बजे शुरू हो जाएगा। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।