नए सत्र से परिषदीय स्कूलों की होगी ऑनलाइन निगरानी
2228 स्कूलों के शिक्षकों की बॉयोमीट्रिक उपस्थिति होगी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के शासन ने परिषदीय स्कूलों की ऑनलाइन निगरानी करने का फैसला लिया है। इसके लिए परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों पूरा डाटा मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड कर कर दिया गया है। प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से शिक्षकों को सभी जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं।
नए सत्र से परिषदीय स्कूलों की निगरानी ऑनलाइन की जाएगी। इसके लिए सभी स्कूलों को टैबलेट दिया जाएगा। जिसके माध्यम से बच्चों को ई-लर्निंग और शिक्षकों की बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी। परिषदीय स्कूलों को मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए आपरेशन कायाकल्प योजना के तहत जिले के 2228 परिषदीय स्कूलों की व्यवस्था को और भी बेहतर करने का लक्ष्य रखा गया है। नए सत्र से लगभग सभी स्कूलों में स्मार्ट क्लास भी संचालित होने लगेंगे। कक्षा एक में एनसीईआरटी की किताबें लागू की जाएंगी। स्कूल खुलने पर कक्षाएं सुसज्जित दिखेंगी। इन सब के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में प्री-प्राइमरी कक्षाएं संचालित करने की भी तैयारी चल रही है। जहां तीन से छह वर्ष के बच्चों को खेल और मनोरंजन के द्वारा स्कूली शिक्षा का हुनर सिखाया जाएगा। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां नए सत्र से प्री प्राइमरी कक्षाएं संचालित होंगी।
बीएसए जगदीश शुक्ला ने बताया जिले के सभी स्कूलों में कायाकल्य योजना के तहत कार्य किया जा रहा है। अधिकतर स्कूलों में कार्य पूरा हो गया है। शासन की ओर से सभी स्कूलों को टैबलेट देने की योजना है। जिसके माध्यम बच्चों की पढ़ाई और शिक्षकों की उपस्थिति भी दर्ज की जाएगी।