संवाद न्यूज एजेंसी दुबौलिया (बस्ती)। रामजानकी मार्ग पर जिस ट्रक से पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर पशु तस्कर भागे थे, उसके मालिक को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी पप्पू यादव आजमगढ़ जिले के थाना निजामाबाद के चकसोधी बीनापारा गांव का रहने वाला है।
चांदपुर-कटरिया तटबंध के पास से दुबौलिया पुलिस ने उसे एक चाकू के साथ पकड़ा। सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने दो लोगों को किराए पर ट्रक दे रखा है। पशुओं की तस्करी से जो कमाई होती थी, उसमें भी हिस्सेदार था। पुलिस उन दोनों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात एसपी अभिनंदन के निर्देश पर सभी हाईवे पर नाकाबंदी कर जांच की जा रही थी। राम जानकी मार्ग पर दुबौलिया कस्बे में रात करीब 12 बजे चेकिंग के दौरान छावनी से कलवारी की तरफ से तस्कर ट्रक लेकर पहुंचे।
कुछ दूर पहले ही चेकिंग की भनक लगने पर चालक दुबौलिया कस्बे में आदर्श बाल स्कूल के पास अचानक ट्रक मोड़ने लगा। तभी टिन शेड के नीचे खड़ी क्रेटा गाड़ी में ट्रक टकरा गया।
आवाज सुनकर वाहन स्वामी मनमोहन सिंह बाहर निकले और ट्रक को भागते देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पीछा करने पर चालक ने विशेषरगंज कस्बे में लगे पुलिस बैरियर को तोड़ते हुए पचवस गांव के पास सर्विस रोड पर मोड़ कर वापस छावनी रा जानकी तिराहे से दुबौलिया की तरफ भागा। दुबौलिया टैक्सी स्टैंड के पास पुलिस ने ट्रक को रोकने के लिए ट्रेलर खड़ा कर दिया था। मगर, ट्रक चालक ने ट्रेलर में जोरदार ठोकर मार कर आगे निकल गया।
सरयू के तटबंध कटरिया-चांदपुर पर ट्रक लेकर चला गया। चालक तटबंध पर ट्रक खड़ा कर फरार हो गया था। पुलिस ने ट्रक की तलाशी तो उसमें रस्सी से बंधे 21 गोवंशीय पशु लदे थे।