गौर(बस्ती)। पूर्वोत्तर रेलवे के आदर्श रेलवे स्टेशन गौर पर रविवार को बिहार के रक्सौल से चलकर आनंद विहार (दिल्ली) को जाने वाली सत्याग्रह अप एक्सप्रेस ट्रेन को रेलवे ट्रैक खाली न होने से आधे घंटे तक खड़ी करनी पड़ी। ट्रेन के काफी विलंब तक रुकने से ट्रेन में बैठे यात्री काफी परेशान नजर आए।
गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बीच स्थित गौर रेलवे स्टेशन पर सत्याग्रह अप एक्सप्रेस ट्रेन का निर्धारित समय 4:57 बजे है। जबकि 4:59 पर बजे जाने का समय निर्धारित है। रेलवे समय सारणी के अनुसार स्टेशन पर ट्रेन का दो मिनट का ठहराव है। लेकिन यह ट्रेन विलंब चल रही थी।
गौर स्टेशन पर 5:42 बजे सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी हुई। लेकिन, आगे रेलवे ट्रैक पर अन्य एक्सप्रेस ट्रेनें निकल रही थीं। रेलवे लाइन खाली न होने से ट्रेन को लगभग आधे घंटे खड़ा रहना पड़ा और ट्रेन में सफर करने वाले यात्री काफी परेशान नजर आए।
स्टेशन अधीक्षक गौर राम गुलाब ने बताया कि रन थ्रू जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के चलते रेलवे ट्रैक खाली न होने से सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन को गौर में कंट्रोल के निर्देशानुसार लगभग आधे घंटे तक रोकना पड़ा। रेलवे लाइन खाली होने पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। संवाद