सरयू का जलस्तर बढ़ने से धोबहट गांव में पानी में डूबी झोपड़ी।
दुबौलिया। सरयू नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के अनुसार, मंगलवार की शाम पांच बजे नदी का जलस्तर घटकर लाल निशान 92.730 मीटर पर पहुंच गया है। 24 घंटे में नदी 17 सेंटीमीटर नीचे आई है। लेकिन, जलस्तर लाल निशान पर बरकरार है।
नदी के तेज बहाव के कारण अतिसंवेदनशील तटबंध कटरिया-चांदपुर पर कटरिया गांव के पास बने ठोकर नंबर एक के आगे धीरे-धीरे कटान होनी शुरू हो गई है। कृषि योग्य भूमि नदी की धारा में विलीन हो रही है। किसान फसलों से लहलहाते खेत को धारा में विलीन होते देख निराश हैं। पानी से घिरे सुबिका बाबू गांव के लोग अब भी मोटरबोट से दैनिक कार्य निपटा रहे हैं। यहां के लोग इस सीजन में तीसरी बार बाढ़ की त्रासदी का सामना कर रहे हैं। हालांकि, तटबंधों पर स्थिति सामान्य बनी हुई है। संवाद