दो हजार उपभोक्ताओं के परिसर पर लगाया जाना है सोलर
योजना में आवेदन बढ़ाने के लिए उपभोक्ताओं को किया जाएगा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत फरवरी में आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। तब कहा गया था कि बिजली बिल से परेशान उपभोक्ता हाथों-हाथ इस योजना में लाभ उठाएंगे। करीब सात माह बाद भी 296 उपभोक्ताओं ने ही इसका लाभ लिया है। जबकि शहर में करीब दो हजार उपभोक्ताओं के परिसर में ग्रिड कनेक्टेड सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, योजना में विद्युत वितरण खंडवार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। जनपद में कुल 21 हजार 594 रुफटाफ सोलर प्लांट लगाए जाने हैं। लेकिन प्रगति कम है। जानकार बताते हैं कि सोलर पैनल लगवाने के लिए एकमुश्त जमा हो रही धनराशि के कारण उपभोक्ता आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। भारी भरकम धनराशि होने के कारण उपभोक्ता इसका खर्च वहन नहीं कर पा रहे हैं।
हालांकि, पैनल लगवाने के लिए विभिन्न बैंक ऋण भी दे रहे हैं। फिर भी उपभोक्ताओं की रुचि नहीं बढ़ रही है। उपभोक्ताओं की रुचि बढ़ाने के लिए विभाग जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। अभियान के तहत पहले बड़े उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें ग्रिड कनेक्टेड सोलर लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
..
विद्युत वितरण खंड लक्ष्य
प्रथम 1721
द्वितीय 7865
तृतीय 5800
हर्रैया 6208
...
कोट
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में आवेदन बढ़ाने के लिए उपभोक्ताओं को जागष्क किया जाएगा। उन्हें इससे होने वाले लाभ के बारे में बताया जाएगा, ताकि लक्ष्य को पूराकर उपभोक्ताओं के मासिक बिल का खर्च कम किया जा सके।
-मनोज कुमार सिंह, अधिशासी अभिंयता, नगरीय