बस्ती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करते यात्री।संवाद
बस्ती। अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू हुई सीधी रेल सेवा की समय सारिणी जारी कर दी गई है। सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस अब प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए रवाना होगी। ट्रेन का बस्ती रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव निर्धारित किया गया है। इससे बस्ती और आसपास के जिलों के यात्रियों को नेपाल की यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या 15595 जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस 28 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को जनकपुर धाम से दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज होते हुए अगले दिन सुबह 4:05 बजे गोरखपुर तथा 5:22 बजे बस्ती पहुंचेगी। इसके बाद मनकापुर और अयोध्या धाम होते हुए सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 15596 अयोध्या कैंट से 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को सुबह 5:50 बजे जनकपुर धाम के लिए रवाना होगी। यह अयोध्या धाम से 6:25 बजे, मनकापुर से 7:32 बजे और बस्ती से 8:40 बजे गुजरेगी। गोरखपुर होते हुए ट्रेन अगले दिन नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी। सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, तृतीय इकॉनमी के तीन और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो कोच होंगे। इसके अलावा एक जनरेटर सह लगेज यान और एक एलएसएलआरडी कोच शामिल रहेगा।
रामायण सर्किट को मिलेगी नई कनेक्टिविटी
अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और जनकपुर धाम माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अयोध्या को माता सीता का ससुराल और जनकपुर धाम को मायका माना जाता है। दोनों स्थानों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को रामायण सर्किट के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी। साथ ही भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पारिवारिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।