विक्रमजोत क्षेत्र में विकराल रूप ले रही सरयू नदी।
- फोटो : स्रोत कार्डियोलोजी
बस्ती। सरयू नदी उफान पर है। लगातार बारिश और पहाड़ों से पानी के बहाव से नदी लाल निशान से सात सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई है। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के अनुसार, बृहस्पतिवार को शाम पांच बजे नदी का जलस्तर 92.800 मीटर पर रिकाॅर्ड हुआ है। जबकि लाल निशान 92.730 मीटर है।
विक्रमजोत संवाद के अनुसार, नदी के किनारे बसे तटबंधविहीन गांवों में नागरिकों की सांसे अटकी हुई है। पिछले दिनों हुई कटान से लोग सहम उठे हैं। कटान व जल भराव से परेशानियां बढ़ गई है। जलस्तर में उतार- चढ़ाव से बाढ़ व कटान का डर सता रहा है। निचले इलाकों में नदी का पानी एक बार फिर भरने लगा है। क्षेत्र के रानीपुर कठवनियां, केशवपुर, भरथापुर, कल्यानपुर के पड़ाव क्षेत्र, संदलपुर, भौसिया, कन्हईपुर, पकड़ी संग्राम, अर्जुनपुर, मड़ना माझा, माझा किता अव्वल आदि गांवों के किनारों पर नदी दबाव बनाने लगी है।
निचले इलाकों में पानी घुसने लगा है। गांव निवासी झिनकाई, दुर्गा प्रसाद, संतोष कुमार, हरीराम सहित तमाम लोगों ने बताया कि मौसम की मार, बाढ़ व कटान से हम लोगों की स्थिति बहुत बिगड़ गई है। इस संबंध में जेई बाढ़ खंड गौरव सिंह ने बताया कि नदी के जलस्तर में हो रहे इजाफा को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
विक्रमजोत क्षेत्र में विकराल रूप ले रही सरयू नदी।- फोटो : स्रोत कार्डियोलोजी