14 साल से संजय युवा खिलाड़ियों को सिखा रहे हैं क्रिकेट की बारीकियां
बस्ती। जनपद के बहादुरपुर ब्लॉक के बड़वारे निवासी संजय यादव क्रिकेट में युवाओं का भविष्य संवार रहे हैं। वे करीब 14 साल से निरंतर खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियां सिखा रहे हैं। संजय से क्रिकेट की बारीकियां सीखकर हजारों युवा अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उनके सिखाए हुए छह खिलाड़ी अब बतौर कोच युवाओं का भविष्य संवार रहे हैं। संजय पूर्वांचल में क्रिकेट की दुनिया के सफल कोच माने जाते हैं।
अमर शहीद सत्यवान सिंह क्षेत्रीय क्रीड़ा स्टेडियम में क्रिकेट का अभ्यास प्रारंभ करने वाले संजय 2000 में कानपुर कमला क्लब पहुंचे। यहां वे दो साल अभ्यास के दौरान कानपुर क्लब की ओर से खेलते रहे। 2003 में कोलकत्ता पहुंचे संजय कोच अरुण लाल से प्रशिक्षण लेने लगे। यहां वे काशीपुर क्लब की ओर से तीन सालों तक कोलकत्ता लीग खेलते रहे। यहीं से उनका चयन कोलकत्ता की अंडर-19 की संभावित टीम में हो गया। बताते हैं कि टीम में अभ्यास के दौरान बुरी तरह जख्मी हो गए थे। 2006 में वे कोलकत्ता से दिल्ली चले गए। यहां सालभर अभ्यास के बाद वंडर्स क्रिकेट क्लब नोएडा में बतौर कोच नियुक्ति मिल गई। क्रिकेट की दुनिया में कुछ बड़ा करने के उद्देश्य से वे 2009 में बस्ती लौट आए। यहां वे 2010 तक स्टेडियम में खिलाड़ियों को अभ्यास कराते रहे। इसके बाद शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज परिसर में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने लगे। जहां मंडल के तीनों जिलों से बच्चे क्रिकेट की बारीकियां सीखने आते थे। वे बताते हैं कि गृहनगर आकर भी रास्ते आसान नहीं थे। यहां संसाधनों का अभाव था। काफी प्रयास के बाद क्रिकेट से जुड़े संसाधनों को जुटान शुरू किया। बताते हैं कि संसाधन जुटाने के लिए पूरी बचत निधि को खर्च कर दिया। करीब पांच लाख खर्चे के बाद श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज मैदान में तीन टर्फ विकेट, सीमेंट विकेट, बॉलिंग मशीन की व्यवस्था पूरी हुई। यहां बस्ती, संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर के 40 से अधिक खिलाड़ी क्रिकेट सीख रहे हैं।
उपलब्धियों ने बना क्रिकेट की दुनिया का बेहतरीन कोच
संजय बताते हैं कि वंडर्स क्रिकेट क्लब से जुड़ने के बाद जिंदगी में तमाम परिवर्तन आए। यहां उनसे प्रशिक्षण लेने वाले शिवम मावी व कार्तिक त्यागी आज आईपीएल की दुनिया के चर्चित चेहरे बनकर उभरे हैं। इसके अलावा सिविल लाइन निवासी अंजनेय सूर्यवंशी भी संजय के पास क्रिकेट की बारीकियां सीख चुके हैं। अंजनेय उत्तर प्रदेश की अंडर-25 टीम से खेल रहे हैं। सिद्धार्थनगर निवासी बशीर अहमद जो नेपाल देश की टीम का हिस्सा है। इसके अलावा उनके प्रशिक्षित किए हुए खिलाड़ी देश के तमाम क्रिकेट क्लबों की ओर से खेल रहे हैं। वे बताते हैं कि जिले में क्रिकेट की एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की एकेडमी स्थापित करना उनका सपना है जहां से निकले हुए खिलाड़ी विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाए।