पुलिस की अंतिम रिपोर्ट को खारिज करते हुए कोर्ट ने दिया था आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। बहुचर्चित संदीप हत्याकांड की पुनः विवेचना कप्तानगंज पुलिस ने शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दुबे शुक्रवार की रात कच्चीपुर गांव पहुंचे कर संदीप के चाचा बाबूराम का बयान लिया। पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि संदीप की हत्या करने के बाद उसके शव को कप्तानगंज क्षेत्र के बघोउडा गांव के बगल रवई नदी के ढोढ़रहवा घाट पर फेंका गया था।
इसके पहले छावनी पुलिस ने इस केस में फाइनल रिपोर्ट लगा दिया था। इसके विरुद्ध संदीप के चाचा बाबूराम ने कोर्ट में पुनः विवेचना के लिए सीजेएम कोर्ट में 20 दिसंबर 2023 को अपील की थी। कोर्ट ने 15 अप्रैल को मामले में पुनः विवेचना के लिए कप्तानगंज पुलिस को आदेश दिया था। प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दुबे ने बताया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी।
कप्तानगंज क्षेत्र के कच्चीपुर (भूपालपुर) गांव का 20 वर्षीय संदीच कुमार विश्वकर्मा 13 जून 2023 को गन्ने की सिंचाई कर रहा था। 11 बजे वह घर से खाना खाकर खेत में जाने के लिए चाचा बाबूराम से बताकर निकला था। जब काफी देर तक संदीप घर नहीं लौटा तो चाचा बाबूराम ने 12:46 बजे फोन किया। संदीप ने अपना लोकेशन करचोलिया फार्म पर बताया और कहा कि खेत में सांड़ को भगाने आया हूं। दोपहर 2 बजे संदीप का शव कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बघौड़ा गांव के पास रवई नदी (ढोढरहवा घाट) पर पानी में तैरता मिला। शरीर पर केवल अंडर बियर था।
बाइक घटना स्थल से कुछ दूरी पर खड़ी मिली। चाभी और मोबाइल गायब था। आसपास के चरवाहों ने शव को निकालकर फोटो को वायरल किया। कुछ ही देर में आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटनास्थल पर पहुंचे संदीप के चाचा बाबूराम ने शव की पहचान करते हुए सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया था।