मोहित अपरहरण व हत्याकांड: फरार 11 आरोपियों की तलाश में चप्पा-चप्पा छान रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पुलिस ने मोहित यादव अपहरण व हत्याकांड में फरार 11 आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने एंड़ी9चोटी का जोर लगा दिया है। शनिवार को पुलिस की टीम देवरिया जिले के मझौली राज क्षेत्र में पहुंची। वहां से दो संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की गई। हालांकि, सूत्र बताते हैं कि उनसे कुछ जानकारियां लेकर छोड़ दिया गया। उधर, तीन आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से सर्च वारंट जारी किया गया है, उसमें शनिवार को कोई प्रगति नहीं हो पाई। जल्द ही पुलिस उनके घरों को सर्च करेगी।
इस बीच कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि अपहृत कर उसे ले जाने के बाद केस में नामजद ज्यादातर आरोपी चंगेरवा के पास कुआनो नदी के किनारे एकत्र हुए थे। वहां लोगों ने छोटी-मोटी पार्टी की थी। पुलिस को कुछ सामग्री भी मिली थी। इसके बाद उसे प्रताड़ित किया गया। हालत खराब होने पर बाकी आरोपी भाग लिए थे। मगर, इलहान सहित तीन आरोपी अंतिम समय तक उसके साथ थे। इसलिए उन तीनों के पकड़ में आने के बाद ही पुलिस को पुख्ता जानकारी मिल पाएगी कि अंतिम समय में उसके साथ क्या हुआ था।
कोतवाली क्षेत्र के पिकौरा दत्तुराय निवासी अविनाश सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 12 जुलाई को दिन में दो बजे मोहल्ले के लोगों ने उन्हें फोन करके बताया कि उनके घर में मारपीट व तोड़-फोड़ की जा रही है। जब वह घर पहुंचे तो देखा कि मोहित यादव जो उनके यहां किराये पर कमरा लेकर रहता था, उसे आदित्य विक्रम सिंह, पुलकित गर्ग, सत्यम कसौधन, मोनू, सैय्यद इलहान व उनके साथ अन्य बहुत सारे लड़के आकर कमरे में घुस कर उसे मार रहे थे। तोड़-फोड़ भी किये। मोहित जब बाथरूम में घुसा तो आरोपित उसे वहां से खींचकर नीचे ले जाकर कुछ दूर पैदल चलते हुए मुख्य मार्ग पर आकर चार पहिया वाहन से अपहरण करके हत्या करने की नियत से लेकर भाग गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस पंजीकृत कर लिया था। तब से उसका कहीं पता नहीं चल रहा है।
..
दोबारा स्टीमर के साथ पहुंची एसडीआरएफ की टीम
- कुआनों में शव तलाश करने के लिए राज्य आपदा मोचन दल एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई थी। टीम ने दो दिन सर्च अभियान चलाया। लेकिन गोंडा में रेल हादसा होने के बाद उन्हें वहां राहत एवं बचाव कार्य के लिए भेज दिया गया था। शनिवार को फिर 19 सदस्यीय टीम स्टीमर के साथ पहुंची। पूरे दिन अभियान चला। हालांकि कोई परिणाम सामने नहीं आया।