शपथ के साथ शुरू हुआ विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह
बस्ती। विशेष संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान का जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी व डीएम प्रियंका निरंजन ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यहां लोगों को बुखार के समुचित इलाज की शपथ दिलाई। कहा कि दिमागी बुखार जानलेवा हो सकता है। यह बीमारी शारीरिक और मानसिक विकलांगता भी ला सकती है। इसलिए बुखार होने पर तत्काल नजदीक के सरकारी अस्पताल में ले जाएं। जिले के प्रत्येक सीएचसी/पीएचसी पर बुखार के समुचित इलाज की व्यवस्था है।
इस दौरान मौजूद सभी लोगों ने अपने गांव, ब्लॉक से दिमागी बुखारमुक्त करने के लिए संकल्प लिया। प्रतिबद्धता दोहराई कि शौचालय का प्रयोग करेंगे और अन्य लोगों को भी प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे। डीएम ने कहा कि इस बीमारी से सबसे ज्यादा प्रभावित होने का खतरा एक से 15 वर्ष के आयु के बच्चों को होता है, इसलिए इनकी सुरक्षा के लिए विशेष प्रयास करें। इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष व विभागीय अधिकारियों के साथ जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का मुआयना किया। इस मौके पर एडी स्वास्थ्य डॉ. सीपी कश्यप, सीएमओ डॉ. चन्द्रशेखर, एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन, डॉ. सीएल कन्नौजिया, डॉ. सीके वर्मा, डॉ. एके कुशवाहॉ, डॉ. राकेशमणि त्रिपाठी, डॉ. एके मिश्रा, ईओ नगर पालिका अखिलेश त्रिपाठी, रोटरी क्लब सेंटर के एलके पांडेय आदि मौजूद रहे।
भानपुर प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को संचारी रोग नियंत्रण एंव दस्तक अभियान का शुभारंभ सीएचसी अधीक्षक डॉ.सचिन कुमार चौधरी ने स्वास्थ्य व निकाय कर्मियों के साथ रैली निकाल कर किया। इस मौके पर डॉ. पीसी यादव, पीसीपीएम स्वामीनाथ, सतीश गुप्ता, राजेश चौधरी, ईश्वर पांडेय, श्याम कुमार श्रीवास्तव, अशोक कश्यप आदि मौजूद रहे।