बस्ती। जिले में संचालित आयुष्मान कार्ड अभियान में ढिलाई पर पांच सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षकों का वेतन रोक दिया गया है। इन सीएचसी के अंतर्गत जून माह में सबसे कम आयुष्मान कार्ड बने हैं। सीडीओ सार्थक अग्रवाल की नाराजगी पर सीएमओ ने जून माह के वेतन पर रोक लगा दी है।
जिले में अब तक लगभग आठ लाख से ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो जिले के करीब 12 लाख लक्ष्य का लगभग 65 प्रतिशत है। शासन की ओर से शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों का कार्ड बनाए जाने पर लगातार जोर है। जिले स्तर पर इसकी नियमित रूप से समीक्षा सीडीओ के स्तर से की जा रही है। जून माह में सीएचसी दुबौलिया, गौर, कप्तानगंज, कुदरहा और विक्रमजोत में सबसे कम आयुष्मान कार्ड बनाया गया है। कप्तानगंज सीएचसी में 163 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।
समीक्षा में यह बात सामने आने पर सीएमओ डॉ. राजीव निगम से सवाल जवाब होने लगा। सीएमओ से जब पूछा जाने लगा कि उनके स्तर से क्या कार्रवाई की गई है तो आनन-फानन में वेतन रोकने का निर्णय ले लिया गया। सीएमओ ने बताया कि कुछ सीएचसी में काफी अच्छा काम हो रहा है। इसमें मरवटिया (सदर) में 771 कार्ड जून माह में बनाए जा चुके हैं। परशुरामपुर में 645 तथा बनकटी में 598 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। कुछ ब्लॉकों की प्रगति काफी खराब है।