बस्ती। ग्रामीण चौकीदार विकास कल्याण समिति की जिला इकाई की बैठक रविवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गौतम ने की। चौकीदारों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि प्रदेश के ग्राम प्रहरी (चौकीदार) कई वर्षों से नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं ने चौकीदारों को नियमित करने या कम से कम 10 हजार मासिक मानदेय देने का वादा किया था, लेकिन अब तक उसे पूरा नहीं किया गया। कहा कि चौकीदारों से नवरात्र, मेला, होली, दीपावली पर ड्यूटी कराई जाती है, लेकिन मानदेय नहीं दिया जाता।
चौकीदार दो दिन थानों पर सूचना देने और अन्य दिनों में गांवों में निगरानी का कार्य करते हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के उस कथन पर आपत्ति जताई कि चौकीदार केवल दो दिन ड्यूटी करते हैं, इसे तथ्यहीन बताया। बैठक में मनोज कुमार, तारकनाथ, कन्हैयालाल, सहदेव बौद्ध, संगीता गौतम, रेखा गौतम माैजूद रहे। संवाद