रुधौली (बस्ती)। नगर पंचायत रुधौली के रघुनाथपुर चौराहा निवासी 26 वर्षीय युवक की गुजरात के सूरत में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। युवक दो माह पहले शटरिंग का काम करने के लिए सूरत गया था।
जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर वार्ड निवासी गुड्डू पुत्र शिवसागर सोनी सूरत के अमरोली इलाके में किराए के मकान में रहकर काम करता था। मंगलवार शाम उसके छोटे भाई प्रद्युम्न का कुछ युवकों से विवाद हो गया। उसके साथ रहने वाले लोग बताते हैं कि बीच-बचाव करने पहुंचे गुड्डू पर युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुड्डू की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पिता शिवसागर सोनी ने बताया कि सूरत पुलिस ने मामले में कुछ आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।