विजयादशमी पर आरएसएस ने किया शस्त्र पूजन
बस्ती। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से विजयादशमी पर शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। प्रांत प्रचारक गोरक्ष प्रांत सुभाष जी ने कहा कि आरएसएस वर्ष भर में कुल छह उत्सव मनाता है। विजयादशमी उसमें एक है। यह पर्व असत्य पर सत्य की और अंधकार पर प्रकाश की विजय का द्योतक है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम भारतीय जन मानस की आत्मा हैं।
प्रांत प्रचारक ने कहा कि अयोध्या राजपरिवार में जन्म लेने वाला राजकुमार जब पिता की आज्ञा से महल छोड़ता है तो वह अपनी सामर्थ्य और सामाजिक संरचना के बल पर मर्यादा पुरुषोत्तम बन जाता है। सारी आसुरी शक्तियां शरणागत हो जाती हैं। पुरातन काल से हम शक्ति की उपासना करते रहे हैं। आरएसएस विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा को जीवंत रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्यत्व ही हिंदुत्व है और हिंदुत्व ही राष्ट्रीयत्व है। स्वदेशी और देशभक्ति के माध्यम से हम बड़ी से बड़ी शक्तियों को हम परास्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में जिला संघ चालक पवन तुलस्यान, नगर संघ चालक सुधीर अग्रवाल, प्रभुप्रीत सिंह जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गणगीत, अमृत वचन, एकल गीत में अभिनव, आशीष, राजीव, धीरज सरीन की ओर से संपन्न हुआ। इस मौके पर विभाग प्रचारक लाल जी भाई, प्रांत शारीरिक प्रमुख अरविंद, विभाग कार्यवाह नागेंद्र, राजकुमार, राजेश, उमेश, अरविंद, अभय, वीरेंद्र, श्रीराम, अनुराग शुक्ल, मधुरेश, डॉ. राजेश, सचिन, वायुनंदन, सिद्धार्थ मिश्र आदि मौजूद रहे।