संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। साइबर फ्राड के शिकार हुए तीन लोगों को समय से साइबर थाने पर सूचना देने का फायदा मिला। साइबर अपराधियों के तीनों से चार लाख 17 हजार 338 रुपये की ठगी थी।
पुलिस ने इन रुपयों को वापस कराने में सफलता हासिल की। इनमें रुधौली के व्यवसायी से अल्ट्राटेक सीमेंट की डीलरशिप का झांसा देकर खाते में मंगाए 11.28 लाख रुपये भी शामिल है।
सीओ सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि साइबर क्राइम थाने की टीम को यह कामयाबी मिली। रुधौली थाना क्षेत्र के कड़ही निवासी अमरेंद्र कुमार ने साइबर क्राइम थाने में प्रार्थनापत्र दिया था कि एक अज्ञात शख्स ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी का फर्जी नोडल अधिकारी बनकर सीमेंट की फ्रेंचाइजी दिलाने का बात कह 11.28 लाख रुपये अपने बैंक खाते में मंगवा लिए।
पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना की और खाते को होल्ड कराकर तीन लाख 57 हजार 488 रुपये वापस कराए।
इसी क्रम में कोतवाली क्षेत्र के पिकौरा दत्तूराय निवासी अवधेश कुमार सिंह ने साइबर क्राइम थाने में प्रार्थनापत्र देकर बताया था कि एक अज्ञात शख्स ने खुद को अंकुर सरिया उद्योग गीडा सहजनवां गोरखपुर का फर्जी नोडल अधिकारी बनकर सस्ती सरिया देने का लालच देकर 50 हजार रुपये बैंक में ट्रांसफर करा लिए।
यह रकम भी वादी के बैंक खाता में वापस कराई गई है। एक अन्य मामले में सोनहा क्षेत्र के धवाय निवासी उर्मिला पत्नी ओम प्रकाश ने प्रार्थनापत्र दिया था उनके अंगूठे का अज्ञात व्यक्ति ने क्लोन बनाकर खाते से 99 सौ रुपये निकाल लिए। यह रकम भी वापस कराई गई।