संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रधानमंत्री आवास के लिए भेजे गए 2.18 लाख रुपये डाकघर के खाते से उड़ा देने का मामला सामने आया है। लालगंज थाने में पीड़ित ने तहरीर देकर बताया उसकी मां के खाते में दो लाख 18 हजार पांच सौ रुपये भेजे गए थे। वह मां को लेकर रुपये निकालने गया तो पता चला कि खाते में रुपये नहीं हैं।
प्रधान डाकघर बस्ती जाने पर पता चला कि गूगल-पे के जरिये रकम ट्रांसफर की जा चुकी है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों पर आईटी एक्ट सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज किया है।
जयपुर निवासी गुड्डू पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उनकी मां मंगला देवी पत्नी दीनानाथ पांडेय के नाम डाकघर बनकटी में प्रधानमंत्री आवास के लिए दो लाख 18 हजार 506 रुपया 27 रुपये आए थे। मकान बनवाने के लिए उनकी मां जब डाकघर बनकटी में रुपये निकालने गईं तो पता चला कि उनके खाते का बैलेंस जीरो है।
इसके बाद वह प्रधान डाकघर बस्ती पर जानकारी करने गए तो पता चला कि मंगला देवी के खाते का सारा पैसा ऑनलाइन मोबाइल एप के माध्यम से ट्रांसफर किया गया है।
उनका आरोप है कि यह मोबाइल नंबर पवन उपाध्याय निवासी बैजी थाना लालगंज का है। इसकी जानकारी होने पर मां पवन से रुपये मांगने गईं तो विपक्षियों ने अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने पवन उपाध्याय के अलावा उनकी मां आशा देवी व भाई अनूप उपाध्याय पर केस दर्ज कर लिया है।