डग्गामारी के विरोध में मार्च निकालकर डीएम कार्यालय पहुंचे रोडवेज कर्मी स्रोत संगठन
बस्ती। रोडवेज बसों के संचालन को प्रभावित कर रही डग्गामारी के विरोध में बुधवार को यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन की बस्ती डिपो शाखा के बैनर तले कर्मचारियों ने रूट मार्च निकाला। रोडवेज परिसर से शुरू हुआ मार्च प्रमुख मार्गों से होते कलेक्ट्रेट पहुंचा। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर अवैध वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष संजय तिवारी ने की, जबकि संचालन शाखा मंत्री राकेश मिश्र ने किया। रूट मार्च में रोडवेज कर्मचारियों के साथ कार्यशाला के कर्मचारी भी शामिल हुए। कर्मचारियों ने कहा कि डग्गामारी से रोडवेज की आय बुरी तरह से प्रभावित हो रही है, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हो रहा है। हाईवे पर बड़ेवन, मूड़घाट, टोल प्लाजा के साथ अन्य स्थलों और रोडवेज के आसपास डग्गामार वाहनों की भरमार रहती है, मगर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। इससे निगम को रोजाना चार से पांच लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है।
इस दौरान उमेश पांडेय, ब्रजेश पांडेय, जयगोविंद तिवारी, श्याममूर्ति शुक्ल, मनीष श्रीवास्तव, बृजेश सिंह, प्रमोद उपाध्याय, संतोष पाल, जयप्रकाश यादव, विनोद पांडेय, नागेंद्र उपाध्याय आदि मौजूद रहे।