स्वर्ण विजेता खिलाड़ियों के घर तक बनेगी सड़क
मेजर ध्यानचंद विजयपथ योजना : खिलाड़ियों से मांगा गया है आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मेजर ध्यानचंद विजयपथ योजना के तहत राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के घर तक सड़क बनाई जाएगी। योजनांतर्गत लाभ के लिए खिलाड़ियों को खेल विभाग में अपने प्रमाण पत्र जमा कराने होंगे। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। 2017 से 2020 तक की प्रतियोगिता के खिलाड़ी योजना के पात्र होंगे। शासनादेश अनुसार ऐसे खिलाड़ी जो ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, एफ्रो एशियन गेम्स व विश्वकप सहित अन्य मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश या प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया हो और उसमें गोल्ड मेडल प्राप्त किया हो। उनके घर तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। जिसका नाम मेजर ध्यानचंद विजय पथ होगा, इस पर संबंधित खिलाड़ियों की उपलब्धियों का साइन बोर्ड भी लगाया जाएगा।
-------
खेल संघ से प्रमाणित कराना होगा प्रमाण पत्र
- योजनांतर्गत लाभ के लिए स्वर्ण पदक विजेताओं को प्रदेशीय खेल संघ से अपना प्रमाण पत्र प्रमाणित कराना होगा। प्रार्थना पत्र को दो प्रतियों में खेल विभाग में जमा कराना होगा। विभाग खिलाड़ियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराएगा, इसके बाद शासन को रिपोर्ट भेजेगा। लोक निर्माण विभाग खिलाड़ियों के गांव तक सड़क का निर्माण करेगा। मुख्य मार्ग से उनके गांव को जोड़ा जाएगा। जिला खेल अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि प्राप्त आवेदन से पता चलेगा कि जिले में गोल्ड मेडल प्राप्त खिलाड़ियों की संख्या कितनी है। सड़क निर्माण के लिए खिलाड़ियों से आवेदन मांगे गए हैं। इन खिलाड़ियों के गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने का काम लोक निर्माण विभाग करेगा।