बस्ती रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में जांच करते डीआरएम संवाद
पुरानी बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को बस्ती रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कायाकल्प कार्यों की प्रगति देखी। प्लेटफार्म, ट्रैक, बिजली व्यवस्था और स्टेशन परिसर में सुविधाओं की भी जांच की।
डीआरएम करीब 1:25 बजे लखनऊ से स्पेशल ट्रेन से बस्ती पहुंचे। इससे पहले उन्होंने नहरिया क्रॉसिंग और पांडेय बाजार में ट्रैक के प्वाइंट का निरीक्षण किया। स्टेशन परिसर में पहुंचकर डीआरएम ने अमृत भारत योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी।
निरीक्षण के दौरान यात्रियों के लिए उपलब्ध पेयजल की गुणवत्ता भी जांची गई। पानी का टीडीएस जांचने पर मानक के अनुरूप पाया गया। डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक नसीम अहमद से निर्माण कार्य के चलते यात्रियों को होने वाली असुविधा के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद डीआरएम अधिकारियों के साथ बभनान रेलवे गेट संख्या 223 की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रेलवे गेट संख्या 223 बभनान क्षेत्र में रेल और सड़क यातायात के लिहाज से महत्वपूर्ण है। करीब एक घंटे के निरीक्षण के बाद डीआरएम दोपहर 2:30 बजे स्पेशल ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।