बहादुरपुर। कलवारी थाना क्षेत्र के बबुरहिया निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक जैसराम चौधरी की करंट लगने से मौत हो गई। मंगलवार शाम को मेड़ पर उगी घास साफ करते समय बिजली के केबल के संपर्क में आ जाने से हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षक जैसराम चौधरी पास के गौरिया गांव के अपने खेत में धान की मेड़ साफ करने गए थे। मेड़ पर मोटर चलाने के लिए केबल बिछाया गया था। केबल कई जगह कटा था। घास काटते समय हंसिया केबल के कटे हिस्से के संपर्क में आने से और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
उनके बेटे हरिश्चंद्र ने बताया कि शाम लगभग सात बजे तक घर न आने पर उनके नंबर पर फोन किया तो रिसीव नहीं हुआ। काफी देर बाद खोजते हुए खेत में पहुंचे तो वहां वह अचेत अवस्था में पड़े थे। तुरंत सीएचसी बहादुरपुर ले गए। वहां स्थिति स्पष्ट नहीं हुई तो जिला अस्पताल ले गए। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। आसपास के लोगों ने बताया कि केबल अवैध तरीके से लगाया गया था। जेई प्रशांत कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले जांच के दौरान सुअर बाड़े में लाइट के लिए अवैध तरीके से बिछाए गए केबल को कटवाया गया था। बाड़े में कोई जिम्मेदार नहीं मिला था। इसकी जांच करके कार्रवाई की जाएगी।