बस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए तैयारियां अंतिम चरण में चल रही है। डीआईओएस कार्यालय के प्रथम मंजिल पर कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी। विभाग का दावा है कि इसी सप्ताह कंट्रोल रूम बनकर तैयार हो जाएगा। इसमें 15 हाईटेक कंप्यूटर लगाए जा रहे हैं। यह सभी वाईफाई सुविधा से जुड़े रहेंगे। इन कंप्यूटरों से सभी 130 परीक्षा केंद्राें को इंटरनेट सेवा के जरिये जोड़ा किया जाएगा।
डीआईओएस ने बताया कि शुचितापूर्ण परीक्षा कराने में अत्याधुनिक कंट्रोल रूम काफी मददगार साबित होगा। इस कंट्रोल रूम में सभी केंद्रों का लाइव प्रसारण चौबीस घंटे होगा। इसकी निगरानी के लिए अलग से विशेषज्ञ रखे जाएंगे। तकनीक का इस्तेमाल करके प्रत्येक केंद्र पर परीक्षा के दौरान सख्त निगरानी होगी। यदि किसी केंद्र के किसी कक्ष में कोई भी संदिग्ध गतिविधि पाई गई तो कंट्रोल रूम में बैठे एक्सपर्ट तत्काल पकड़ लेंगे। इसकी सूचना संबंधित स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक को दी जाएगी। इस व्यवस्था को संचालित करने के लिए सभी केंद्र व्यवस्थापकों को सीसीटीवी कैमरा और नेटवर्क की सुविधा दुरुस्त कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं। अलगे सप्ताह लाइव प्रसारण का पूर्वाभ्यास भी कंट्रोल रूम में कराया जाएगा।