बस्ती। जिले में वृहद पौधरोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत एक पेड़ मां के नाम अभियान में लक्ष्य के सापेक्ष 44.08 लाख पौधे रोपित कर धरती को हरा-भरा रखने का संकल्प दोहराया। मुख्य आयोजन राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में हुआ। मुख्य अतिथि पर्यावरण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पौधरोपण कर अभियान शुरू किया।
उन्होंने नागरिकों से एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना चाहिए। डीएफओ डॉ. शिरीन ने कहा कि पौध लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेना भी उतना ही आवश्यक है। यदि प्रत्येक नागरिक लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करे, तभी इस अभियान का उद्देश्य पूर्ण होगा।
डीएफओ ने बताया कि वन विभाग 20.39 लाख, ग्राम्य विकास विभाग 14.75 लाख, कृषि विभाग 3.80 लाख, उद्यान विभाग 1.78 लाख, नगर विकास विभाग 0.219 लाख, स्वास्थ्य विभाग 12 हजार समेत अन्य विभागों के सहयोग से शेष लक्ष्य की पूर्ति की गई।
जिलाध्यक्ष भाजपा विवेकानंद मिश्र, विधायक हर्रैया अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, डीएम कृतिका ज्योत्स्ना, सीडीओ सार्थक अग्रवाल, एसपी डॉ. यशवीर, एसडीएम सदर हिमांशु कुमार, जगदीश प्रसाद शुक्ल, दिलीप पांडेय, भानु प्रकाश मिश्र, सुरेंद्र मौजूद रहे।