बस्ती। गर्मी के मौसम में उत्तराखंड के ऋषिकेश, नैनीताल आने-जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है, यात्रियों की मांग पर रेलवे प्रशासन की ओर से पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर से योग नगरी ऋषिकेश समर स्पेशल ट्रेन का संचालन आगामी 21 अप्रैल से शुरू हो रहा है। बस्ती रेलवे स्टेशन पर इसके ठहराव से यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
बता दें कि ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से लगातार समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कराया जा रहा है। ट्रेन संख्या 04316 योग नगरी ऋषिकेश-गोरखपुर ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन 21 अप्रैल से 14 जुलाई तक किया जाएगा। यह ट्रेन कुल 13 फेरों के लिए निम्नवत रहेगी। ट्रेन का संचालन 21 अप्रैल को योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से 3:20 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। जो हरिद्वार, मुरादाबाद, सीतापुर, गोंडा के रास्ते बस्ती रेलवे स्टेशन पर 4:40 बजे पहुंचेगी और 6:20 बजे गोरखपुर जंक्शन पहुंचकर यात्रा समाप्त करेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04315 गोरखपुर रेलवे स्टेशन से सुबह 9 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी और 10 बजे बस्ती रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी जो गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, मुरादाबाद के रास्ते योग नगरी ऋषिकेश को जाएगी। इस ट्रेन में एसी तृतीय श्रेणी और एसी द्वितीय श्रेणी का एक-एक कोच लगाए गए हैं, जबकि शयनयान श्रेणी के 10 कोच, सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार कोच और एसएलआर के दो कोचों सहित यात्रियों के लिए कुल 18 कोच लगाए गए हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए लगातार समर स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाया जा रहा है, रेलवे प्रशासन की ओर से पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर से उत्तराखंड के योग नगरी ऋषिकेश तक साप्ताहिक विशेष एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू कराया जा रहा है, इस ट्रेन का संचालन होने से पूर्वांचल के यात्रियों को आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी।
-
देरी से चल रहीं ये ट्रेनें
पूर्वोत्तर रेलवे बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते जाने वाली कई स्पेशल ट्रेनें काफी विलंब से चल रही है, रेलवे समय सारणी के अनुसार बुधवार को जाने वाली मुंबई स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 2 घंटे लेट रही। जबकि बरौनी नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन 2 घंटे, अयोध्या भटनी मेमो पैसेंजर 3 घंटे और दरभंगा नई दिल्ली क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से पांच घंटे की देरी से चल रही है।