उमस से 24 घंटे में राहत के आसार
बुधवार से रविवार के बीच होगी तेज बारिश, तापमान में तीन डिग्री हो सकती है गिरावट
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। पिछले कई दिनों से भीषण उमस और गर्मी से बेहाल जनजीवन को जल्द राहत मिलने के आसार हैं। हवाओं के रुख से मौसम विज्ञानियों ने अनुमान लगाया है कि 24 घंटे के भीतर बारिश होने की संभावना है। बुधवार से रविवार के बीच झमाझम बारिश हो सकती है। जिसके कारण तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस कमी हो सकती है।
इधर कई दिनों से प्रचंड गर्मी से आम जनमानस जूझ रहा था। तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पुरवा हवाएं चलने की वजह से सुबह ही हल्के बादल छा गए। जिससे धूप का असर कम रहा। हालांकि पूरे दिन बादलों और सूर्यदेव के बीच कई बार लुका-छिपी का खेल चला। शाम को हवा बिल्कुल बंद हो गई, जिससे उमस और भी बढ़ गई। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमार गंज फैजाबाद के पूर्व मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. पद्माकर त्रिपाठी के मुताबिक बुधवार से मानसूनी बारिश के प्रबल आसार हैं। आने वाले दिनों में पुरवाई की गति बढे़गी।
पसीना सताए तो ऐसे करें बचाव
गर्मियों के मौसम में ढीले और सूती कपड़े पहनें, जिनमें पसीना आसानी से सूख जाता है। एंटी-बैक्टीरियल साबुन का इस्तेमाल करें। जितनी बार नहाएं उतनी बार इसका प्रयोग करें। इस मौसम में कुछ लोग मोजे पहनना छोड़ देते हैं। ऐसा करना ठीक नहीं, इससे पैरों में एलर्जी हो सकती है। शर्ट के बगल वाले हिस्से को पसीने के निशान से बचाने के लिए स्वेट पैड्स का इस्तेमाल करना चाहिए। पसीने की अधिकता से सिर की त्वचा में दाने निकल आते हैं जिसे दूर करने के लिए माइल्ड शैंपू बहुत ही कारगर होता है। हमेशा खुश रहने की कोशिश करें, क्योंकि कई बार ज्यादा पसीना निकलने का कारण तनाव और गुस्सा भी होता है।