बस्ती। आगामी त्योहार में एक्सप्रेस ट्रेनों में होने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से दो स्पेशल ट्रेनों का अतिरिक्त फेरा बढ़ाया गया है। इससे महानगरों से आने-जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 05060 लालकुआं-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन 8 अक्तूबर से 26 नवंबर तक आठ फेरों के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक बृहस्पतिवार को लालकुआं रेलवे स्टेशन से 12:35 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी, जो लखीमपुर खीरी, सीतापुर, गोंडा के रास्ते बस्ती रेलवे स्टेशन पर रात 11:52 बजे पहुंचेगी और गोरखपुर, कप्तानगंज, पडरौना, बिहार के रास्ते कोलकाता पहुंचकर यात्रा समाप्त करेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 05059 कोलकाता-लालकुआं साप्ताहिक स्पेशल विशेष एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक शनिवार को कोलकाता रेलवे स्टेशन से पांच बजे आगे के लिए रवाना होगी। यह बिहार के रास्ते गोरखपुर होते हुए बस्ती रेलवे स्टेशन पर 3:58 बजे पहुंचेगी और गोंडा, लखीमपुर, पीलीभीत के रास्ते लालकुआं को जाएगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 05193 छपरा- पठानकोट वाया गोरखपुर साप्ताहिक विशेष एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन आठ अतिरिक्त फेरों के लिए किया जाएगा। ये आगामी 23 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन छपरा जंक्शन से दो बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। गोरखपुर के रास्ते बस्ती रेलवे स्टेशन पर 09:56 बजे पहुंचेगी और गोंडा, सीतापुर जंक्शन, शाहजहांपुर, बरेली के रास्ते पठानकोट को जाएगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 05194 पठानकोट रेलवे स्टेशन से 12:30 बजे रवाना होगी और इसी रास्ते से बस्ती रेलवे स्टेशन पर 1:03 बजे पहुंचेगी। वहां से गोरखपुर, पडरौना, कप्तानगंज के रास्ते छपरा जंक्शन को जाएगी। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि आगामी पर्व पर संभावित भीड़ की वजह से अतिरिक्त फेरा बढ़ाया गया है।