मखनू हत्याकांड: हत्थे चढ़ा आजमगढ़ का इनामी बदमाश
दो सितंबर को परशुरामपुर के खम्हरिया में हुई थी हत्या
मनीष के साथ बाइक से हत्या करने गया था कुनाल
मुंबई पुलिस कुनाल को पहले ही कर चुकी है गिरफ्तार
बस्ती। परशुरामपुर थानाक्षेत्र के खम्हरिया बाजार में बिल्डिंग मैटीरियल दुकानदार 50 वर्षीय विजय बहादुर उर्फ मखनू की हत्या में शामिल बदमाश को पुलिस ने धर दबोचा। पकड़े गए आजमगढ़ जनपद के कंधारपुर निवासी मनीष मौर्य पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके विरुद्घ आजमगढ़ में हत्या, लूट, डकैती, हत्या का प्रयास सहित 20 संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं।
एएसपी पंकज ने प्रेसवार्ता में बताया कि डेढ़ साल पहले मनीष मौर्य की प्रतापगढ़ के सुपारी किलर कुनाल सिंह से मुलाकात हुई, जिसे जेल में बंद मखनू के विरोधी ग्राम प्रधान विजय प्रताप वर्मा ने रास्ते से हटाने की सुपारी दी थी। मनीष के अनुसार एक सितंबर को कुनाल ने उसे अयोध्या बुलाया, जहां विजय प्रताप वर्मा के करीबी अमित वर्मा के जरिए मखनू की हत्या का ताना-बाना बुना गया। दूसरे दिन दो सितंबर को कुनाल सिंह के साथ बाइक से वह खम्हरिया पहुंचा, जहां मखनू भी बाइक से पहुंचे। उस समय मनीष बाइक चला रहा था। कुछ देर बाद कुनाल सिंह मोरंग का रेट पूछने के बहाने करीब गए और मखनू को गोली मारकर फरार हो गए। विजय बहादुर उर्फ मखनू लहूलुहान हो गए। आननफानन में परिवार के लोग अयोध्या जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
प्रकरण का पर्दाफाश तब हुआ जब अमित वर्मा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। उसने प्रतापगढ़ जिले के पतनपुर निवासी कुनाल के बारे में बताया। पुलिस ने कुनाल के घर कई बार दबिश दी, मगर हत्थे नहीं चढ़ा। इसी दौरान मुंबई के सायन ईस्ट थाने की पुलिस ने कुनाल को धर दबोचा। उससे पूछताछ में मनीष मौर्य का नाम प्रकाश में आया था, जिसे परशुरामपुर पुलिस ने क्षेत्र के हैदराबाद के पास से मंगलवार को गिरफ्तार किया। उसके पास से तमंचा बरामद किया गया है।
मनीष पर 20 मुकदमे दर्ज
2010 में धारा 307 थाना सिधारी आजमगढ़, हत्या, आयुध अधिनियम, धोखाधड़ी, 2012 में कंधरापुर में हत्या व साजिश, 2017 में जाब्ता फौजदारी, थाना कंधरापुर आजमगढ़, 2012 में थाना अतरौला जनपद आजमगढ़ में डकैती, थाना चोपन जनपद सोनभद्र में हत्या की कोशिश, थाना गंभीरपुर जनपद आजमगढ़ में अपहरण के अलावा कई गैंगेस्टर, शस्त्र अधिनियम सहित कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं।