दुकानदार को पीटा, बोलेरो में लादकर भागने लगे
विक्रमजोत (बस्ती)। छावनी थानाक्षेत्र के विक्रमजोत-टूटीभीटी मार्ग के पूरे बदली चौराहे पर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। नाई की दुकान ध्वस्त हो गई। सोमवार की देर शाम एक बोलेरो सहित आधा दर्जन बाइक पर सवार मनबढ़ों ने पूरे बदली चौराहे पर तांडव मचाया। भगवानपुर गांव के रिश्तेदार के घर हुए विवाद में एक युवक को खोजते हुए पहुंचे मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से पीटकर नगराबदली निवासी इस्माइल को लहुलुहान कर दिया। उसकी हेयर कटिंग की दुकान में तोड़फोड़ कर पलट दिया। बोलेरो में लादकर भागने लगे। इसी दौरान किसी ने छावनी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बोलेरो का पीछा किया। पुलिस को आते देख मनबढ़ों ने केनौना बाजार के पास घायल इस्माइल को नीचे ढकेलकर भाग निकले। थानाध्यक्ष हरेकृष्ण उपाध्याय ने इस्माइल व संजय मौर्या को थाने ले गई। दो पक्षों में हुए विवाद की संवेदनशीलता देखते हुए घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दी।
मंगलवार को थाने पर नगराबदली निवासी इस्माइल ने बलुआ निवासी बुद्धिराम सहित एक दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया है कि उसकी दुकान को तोड़ दिया गया और उसे मारपीट कर बोलेरो में घंटों बंधक रखा गया। आरोप है कि छावनी पुलिस राजनीतिक दबाव में मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। थानाध्यक्ष हरेकृष्ण उपाध्याय का कहना है कि पूर्व में दोनों पक्षों के लोग विवाद कर चुके थे। तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है।