बस्ती। लालगंज थानाक्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी देवी प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है।
इसी थानाक्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी की मां ने तहरीर में बताया है कि गांव का रहने वाला देवी प्रसाद उर्फ गोपाल सिंह 14 दिसंबर को बिना उनकी जानकारी बेटी को अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया।
रात करीब नौ बजे उसे कटेश्वर पार्क के पास कहीं ले गया। उसे बाइक से गांव लेकर आया। घर के पास ही बगीचे में ले जाकर रात करीब दस बजे बेटी से दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे वहीं पर छोड़कर अपने घर चला गया।
किशोरी भी आरोपी के पीछे-पीछे उसके घर तक जा पहुंची। आरोपी युवक से उसे घर छोड़ने के लिए कहा तो उसे डांटने लगा। आरोपी के परिजन भी बाहर आ गए और पीड़िता को मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और घर से भगा दिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर देवी प्रसाद समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष सुशील कुमार गोंड ने बताया कि आरोपी देवी प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। संवाद