कलवारी थाने में दर्ज हुआ था मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरपुर/बस्ती। चार्जर मांगने के बहाने घर जाकर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक फोटो दिखाकर ब्लैकमेल करने के आरोपित को कलवारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर गर्भ ठहरने पर दवा देकर गर्भपात कराने का भी आरोप है।
थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार शाही ने बताया कि सोमवार को आरोपी विपिन कुमार गिरफ्तार किया गया। कलवारी थाना क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय युवती ने गांव के विपिन पर आरोप लगाया था कि एक फरवरी 2018 में मोबाइल चार्ज करने के बहाने उसके घर में आया। जहां उसे अकेला पाकर जबरदस्ती की। घटना की शिकायत परिजनों से करने पर उससे शादी करने की बात करके उसे शांत करा दिया गया। इसके बाद वह लगातार शादी का झांसा देता रहा।
इसी बात का फायदा उठाकर उसने मार्च 2021 में उसके साथ दुष्कर्म किया। जब बेटी गर्भवती हो गई तो उसने इसकी जानकारी युवक को दी। आरोप है कि इसके बाद उसने लड़की को अपने घर बुलाया और घर में बंद करके दवा पिलाकर गर्भपात करा दिया। विरोध करने पर आरोपी युवक व परिजनों ने भी अपशब्द कहते हुए जानमाल की धमकी दी।