सांस की बीमारी से पीड़ित थी 70 वर्षीय विद्यावती, ओपेक कैली में चल रहा था उपचार
दहेज हत्या के आरोप में नामजद थी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। दहेज हत्या में निरुद्ध 70 वर्षीया विचाराधीन महिला बंदी की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। तबीयत खराब होने पर ओपेक हास्पिटल कैली में भर्ती कराया गया था।
जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कटया माफी गांव की रहने वाली विद्यावती (70) पत्नी गुरुप्रताप तिवारी पर दहेज हत्या का आरोप था। उन्हें 24 मार्च 2021 से जिला कारागार में भेजा गया था। जेलर सतीश चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि बंदी विद्यावती सांस की बीमारी से पीड़ित थीं। तबीयत खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए 28 मई को जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया था। उसी दिन ओपेक चिकित्सालय कैली रेफर कर दिया गया था। सोमवार सुबह करीब पौने आठ बजे कैली में इलाज दौरान उनकी मौत हो गई। जेलर ने बताया कि सीएमओ स्तर से गठित चिकित्सकों के पैनल की देखरेख में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।