गोरखपुर में दुष्कर्म का आरोपी कांस्टेबल निलंबित
गोरखपुर के तिवारीपुर इलाके में मकान मालिक की बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप
न्यायालय समन सेल में तैनात था आरोपी, सीओ रुधौली को सौंपी गई जांच
बस्ती। न्यायालय समन सेल में तैनात कांस्टेबल को एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बुधवार को निलंबित कर दिया है। गोरखपुर के तिवारीपुर इलाके में किराए के मकान में रहने वाले इस कांस्टेबल पर मकान मालिक की बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप है। गोरखपुर पुलिस ने पीड़िता के चाचा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी ने बताया कि एसएसपी गोरखपुर स्तर से रिपोर्ट मिलते ही सिपाही हरीश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उसके खिलाफ सीओ रुधौली धनंजय सिंह कुशवाहा को विभागीय जांच सौंपी गई है। पुलिस कार्यालय के अनुसार गोरखपुर के सहजनवां थानाक्षेत्र के घघसरा डुगडुगिया निवासी हरीश गुप्ता तिवारीपुर थानाक्षेत्र में किराए के मकान में रहता है। समन सेल में उसकी तैनाती थी, जहां से वह छह अक्टूबर को आकस्मिक अवकाश पर चला गया। एसपी के मुताबिक एसएसपी गोरखपुर स्तर से मिली रिपोर्ट में बताया गया है कि गोरखपुर के तिवारीपुर थाने में सिपाही हरीश गुप्ता के खिलाफ मकान मालिक की 14 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करने व धमकाने आरोप में पीड़िता के चाचा ने मुकदमा दर्ज कराया है।