अनुबंधित बस रोडवेज तिराहे पर बंद होकर खड़ी संवाद
बस्ती। बारिश ने जर्जर और खटारा बसों की मुसीबत बढ़ा दी है। साथ ही उसमें यात्रा करने वाले मुसाफिर भी परेशान हो रहे। बरसात के चलते कई बसों की जर्जर छत से पानी टपकने की शिकायत है, ऐसे में इन बसों को अब बेड़े से आउट कर मरम्मत के लिए कार्यशाला भेज दिए गए हैं।
रोडवेज बस्ती डिपो में 103 निगम की बसें संचालित हो रही हैं। वर्तमान में 20 से अधिक बसें जर्जर और खटारा हालत में हैं, हालांकि, अभी उनका संचलन हो रहा है। अब इन बसों के सामने बारिश की नई चुनौती है। जर्जर छत और खटखटा रहे खिड़कियों से अंदर पानी घुस जा रहा है। यात्रियों की शिकायत पर ऐसी बसों को चिह्नित करके उन्हें बेड़े से हटा दिया गया है।
विभागीय जानकारों ने बताया कि पांच से छह बसें ऐसी स्थिति में खड़ी हैं। छत समेत अन्य का मरम्मत कार्य चल रहा है। मरम्मत के बाद वह बसें बाहर आएंगी। एआरएम कल्पना श्रीवास्तव का कहना है कि जिन बसों में छत टपकने या फिर खिड़की से पानी आने की शिकायत मिल रही, तत्काल उस बस को बेड़े से हटाकर कार्यशाला भेज रहे हैं। मरम्मत के बाद ही उन्हें रूट पर लाया जा रहा है।
-
चलती अनुबंधित बस रास्ते में हुई बंद
रोडवेज बस्ती डिपो के पास नेहरू तिराहे के पहले एक अनुबंधित रोडवेज बस बृहस्पतिवार 11:40 बजे अचानक बंद होकर खड़ी हो गई। चालक कई बार स्टार्ट करने का प्रयास किया, मगर बस स्टार्ट नहीं हुई। बाद में उसे टोचन करके मरम्मत के लिए ले जाया गया। कुछ यात्री बैठे थे जो दूसरे बस में सवार हुए। कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि अनुबंधित बसों के रखरखाव की जिम्मेदारी बस मालिक की होती है।