बस्ती। ईद-मिलादुल नवी पर्व का जुलूस दक्षिण दरवाजा पर पहुंचे, इससे पहले
एक वाहन अनियंत्रित होकर स्वागत द्वार से टकरा गया। इससे खफा अल्पसंख्यक
समुदाय के लोगों ने चालक की पिटाई की और वाहन में तोड़फोड़ कर दी। कवरेज
करने पहुंचे मीडिया कर्मी से भी बदसलूकी की गई। बाद में पुलिस ने वाहन के
खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुलूसे मोहम्मदी के लिए
शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे। दक्षिण दरवाजा के पास बने स्वागत
गेट से भी जुलूस को निकला था। बृहस्पतिवार की सुबह जुलूस निकलता इससे पहले
एक वाहन अनियंत्रित होकर दक्षिण दरवाजा के पास बने स्वागत गेट से टकरा
गया। इससे अल्पसंख्यक समुदाय में रोष फैल गया।
गुस्साए लोगों ने
वाहन को घेर कर उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी और चालक को जमकर धुना। कवरेज
करने पहुंचे मीडिया कर्मी को भी नहीं बख्शा। उसके साथ भी बदसलूकी की। सूचना
पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर जैसे-तैसे मामले को शांत कराया और वाहन व
उसके चालक को पुरानी बस्ती थाने ले आई।
यहां पर शेर अली पुत्र
दिवंगत हाजी मोहम्मद सफी, निवासी दक्षिण दरवाजा ने तहरीर दी कि वाहन चालक
ने मोबाइल पर बात करते स्वागत गेट को तोड़ दिया। लापरवाही से वाहन चलाने से
रियाज, नौशाद और आदिब को चोटें आईं। पुलिस ने वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कर लिया।
पुरानी बस्ती थाने के एसआई सत्येंद्र दुबे ने बताया कि
वाहन किसका है, कौन चला रहा था? इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल वाहन के
खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।