रजवाहा कटने से दो दर्जन गांवों में भरा नहर का पानी
पानी में डूबी फसल, भट्ठे की कच्ची ईंटें पानी भरने से गलीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मानिकचंद। सरयू नहर किसानों की फसल बर्बाद कर रही है। दरअसल, रजवाहों से पानी का रिसाव खेतों में भर रहा है। क्षेत्र के पिपरा चंद्रपति, हथियागढ़, धमौरा, कोड़री, तकियवां, पड़िया खास, बेलभरिया, महुंआरी, शाहपुर, खरहरा, भादी बुजुर्ग, मंझरिया, भादी खुर्द, ककरहवा, सरैया, मुस्तफाबाद, सिसवारी, पुरैना, मझौंआ लाला खजुरी, सुहई, डढ़वा, पकरी चौबे आदि गांवों के पास स्थित रजवाहे से रिसाव के चलते पानी भर गया है।
इससे किसानों की गेहूं, चना, मटर, सरसों, गन्ना आदि की फसल जलमग्न हो गई है। किसानों ने तेनुआ रजवाहे को मुख्य नहर से बंद कर दिया है। पड़िया खास के किसान लालबहादुर चौधरी, प्रिंस चौधरी, विश्राम चौधरी, दिनेश, जवाहर लाल आदि ने बताया कि रविवार सुबह देखा तो खेतों में पानी भरा था और फसल जलमग्न हो गई थी। बताया कि तेनुआ रहवाहे को रविवार की सुबह पांच बजे से बांधने का काम शुरू किया जो नौ बजे पूरा हुआ। पानी भरने से आर्यन ब्रिक फिल्ड की पथाई की गई करीब 10 हजार ईंटें भी पानी लगने से गल गईं। एसडीएम रुधौली गुलाब चंद ने बताया कि विभाग को निर्देशित किया गया है कि रिसाव तुरंत बंद कराया जाए अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। सरयू नहर खंड चार के सहायक अभियंता कृष्ण प्रताप चौरसिया ने बताया कि नहर के बंधे का रिसाव व रजवाहे के टूटे बंधों की मरम्मत कराई जा रही है।