सपा प्रकोष्ठ ने बेटियों पर जुल्म के खिलाफ उठाई आवाज
हाथरस, बलरामपुर, भदोही, जौनपुर व आगरा की घटना के आरोपियों को कठोर दंड की मांग
राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा
बस्ती। समाजवादी पार्टी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राम उजागिर गौतम के नेतृत्व में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं ने हाथरस में हुई दरिंदगी व कई जगहों पर बेटियों के साथ हो रही हैवानियत के विरोध में आवाज उठाई। शनिवार को प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में हाथरस, बलरामपुर, भदोही में बेटियों पर जुल्म करने वालों को कठोर दंड, 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। सपा के विजय विक्रम आर्य ने कहा कि प्रदेश में बेटियों पर अत्याचार शर्मनाक है। भाजपा की सरकार में एससी व एसटी के लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्हें थाना पुलिस व प्रशासन का सहयोग नहीं मिल रहा है। इस मौके पर रामशंकर निराला, रवि प्रकाश, चन्द्र प्रकाश, गिरीश चन्द्र, योगेन्द्र कुमार, महेन्द्र कन्नौजिया, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, प्रदीप कुमार आर्य, मनोज कुमार राना, प्रभात कुमार, राजेश कुमार भारती, झमई राम, संजय कुमार, जगराम पटेल, प्रिन्स कुमार आदि शामिल रहे।
इसी क्रम में कुर्मी महासभा ने भी भारतीय कुर्मी महासभा के जिलाध्यक्ष डॉ. वीके वर्मा के नेतृत्व में डीएम के प्रशासनिक अधिकारी को पांच सूत्री ज्ञापन दिया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में हाथरस, बलरामपुर, जौनपुर, आगरा सहित अन्य जनपदों में दुष्कर्मी हत्यारे, अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कराते हुए उन्हें फांसी की सजा दिलाए जाने, पीड़ित परिवारों को एक करोड़ की आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी देने के साथ ही उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने स्कूल, कालेज, विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं की सुरक्षा का विशेष प्रबंध करने, दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने आदि की मांग शामिल हैं। इस मौके पर महासभा के महासचिव शीतला पटेल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरके सिंह पटेल, धीरेन्द्र कुमार, राधेश्याम आदि शामिल रहे।