बभनान क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश हुई। अमर उजाला
- फोटो : राम ललित
बस्ती। कई दिनों से उमड़-घुमड़ रहे बादल मंगलवार को बरस पड़े। बभनान सहित जनपद के अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ ओले भी पड़े। वायु मंडल में आए इस बदलाव से मौसम की तासीर ठंडी हो गई। 42 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा पारा भी लुढ़ककर 36 डिग्री तक आ गया। इससे आम लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से उमस महसूस की गई।
इधर कई हफ्तों से गर्मी और धूप ने आम आवाम का जीना मुहाल कर रखा था। पिछले हफ्ते हवाओं के रुख बदलने से बादल भी छाए, लेकिन हवाओं के साथ छोड़ देने से बिना बरसे, वे गायब हो गए। हालांकि तभी से उम्मीद बढ़ गई कि जल्द फुहारें पड़ेंगी। मंगलवार को बभनान क्षेत्र का इंतजार खत्म हुआ। क्षेत्र के प्रगतिशील किसान रंगीलाल, विश्वदेव शुक्ल, राम देव यादव, मोहम्मद हबीब आदि का कहना है कि अच्छी बारिश होती तो काफी फायदा मिलता।
बभनान प्रतिनिधि के अनुसार, तेज हवा के साथ जहां दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ और कुछ देर बाद भीषण बारिश शुरू हो गई। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है तो वहीं मौसम भी खुशनुमा हो गया है। मंगलवार को बभनान क्षेत्र में हुई तेज हवा के साथ बारिश और ओले पड़ने से जहां गर्मी से जूझ रहे लोगों को थोड़ी राहत मिली है तो किसानों के चेहरे भी खिल उठे है। बभनान कस्बे के संगम, शिवकुमार, राकेश कुमार, रवींद्र सिंह, मनोज गुप्ता, दिनेश चंद्र स्वर्णकार ने बताया कि पिछले दो दिनों से काफी गर्मी पड़ रही थी लेकिन बरसात होने से काफी राहत मिली है।
गन्ने को मिली संजीवनी
गौर क्षेत्र के किसान रामभवन यादव, रामसहाय, राबहाल चौधरी ने बताया कि बारिश से गन्ने की फसल को काफी फायदा हुआ है। अब 10 दिन बाद ही सिंचाई करना पड़ेगा। इसके साथ ही धान की नर्सरी के लिए खेतों की जुताई-गुड़ाई का कार्य तेज हो जाएगा।