संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान। गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी समपार फाटक पर वाहन चालकों की जल्दबाजी व लापरवाही के चलते रेलवे गेट संख्या 222/ए का बूम छह माह में सात बार टूट चुका है।
इससे न सिर्फ रेलवे विभाग का नुकसान हुआ, बल्कि गेट को तोड़ने वाले लापरवाह वाहन चालकों और आम जनता को भी खामियाजा भुगतना पड़ा। इस दौरान मजबूरी में ट्रेनों को स्लाइडर बूम के जरिये चलाया जाता है। बभनान कस्बे का रेलवे समपार संख्या-222/ए बभनान-गौरा चौकी मार्ग पर है। इस समपार फाटक से 24 घंटे में करीब 130 ट्रेनें गुजरती हैं।
इस समपार फाटक की टीवीयू (ट्रेनों के गुजरने का मानक) भी एक लाख तिहत्तर हजार दो सौ यूनिट है, जो काफी अधिक है। कभी-कभी एक बार गेट बंद होने पर दो से तीन ट्रेनें निकाली जातीं हैं। इस दौरान लोग जाम में फंसे रहते हैं।
ऐसे में कुछ वाहन चालक गेट के खुलते या बंद होते समय हड़बड़ी में तेजी से वाहन चलाते हुए गेट से टकरा जाते है। यह स्थिति रेलवे के लिए मुसीबत का सबब बन जाती है।
बीते छह माह में नजर दौड़ाएं तो इस समपार फाटक का बूम दो अप्रैल को ट्रैक्टर की ठोकर से टूटा था। 22 अप्रैल को डीजे लदे पिकअप की ठोकर से, 26 अप्रैल को पिकअप की ठोकर से, 25 जून को ई-रिक्शा की ठोकर से, 22 सितंबर को पुनः पिकअप की ठोकर से टूट गया था। 25 नवंबर को भी गेट टूट गया था। चार दिसंबर की रात 9:00 बजे गन्ने के ट्राले से गेट टूटा था। ि