भानपुर क्वारंटीन सेंटर में विधायक को व्यवस्था दिखाते एसडीएम नीरज प्रसाद पटेल।
- फोटो : BASTI
एसडीएम के साथ विधायक ने देखी क्वारंटीन सेंटर की व्यवस्था
भानपुर। आश्रम पद्धति विद्यालय भानपुर मे संचालित क्वारंटीन सेंटर का रुधौली के विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने सोमवार को एसडीएम नीरज प्रसाद पटेल और तहसीलदार केशरी नंदन तिवारी के साथ निरीक्षण किया। विधायक ने क्वारंटीन सेंटर में रह रहे लोगों उनकी समस्याएं जानीं और समाधान कराने के लिए एसडीएम से कहा।
सोमवार को क्वारंटीन सेंटर में 179 लोग पंजीकृत पाए गए। विधायक ने सभी से भोजन आदि के बारे में पूछताछ की। एक व्यक्ति ने गर्म पानी नहीं देने की शिकायत की। विधायक ने एसडीएम से गर्म पानी उपलब्ध कराने को कहा। तत्पश्चात उन्होंने सेंटर के कमरों में रह रहे लोगों की व्यवस्था भी देखी। पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए लगा एक आरओ खराब मिला, जिसे ठीक कराने के लिए केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया। कमरों में रह रहे लोगों ने मनोरंजन के लिए हॉल में लगे टीवी को चलवाने की अपील की। विधायक ने तुंरत टीवी ठीक कराकर चलवाने के निर्देश दिए। बच्चों के मनोरंजन के लिए विद्यालय से खेल सामग्री उपलब्ध कराने की भी बात कही। बाद में पता चला कि खेल शिक्षक कई दिनों से बिना किसी सूचना के नदारद हैं। विधायक ने बच्चों के मनोरंजन के लिए कॉमिक्स, कहानियों की किताबें, टॉफी और बिस्कुट खरीदने के लिए तहसील प्रशासन को दस हजार रुपये का चेक भी सौंपा। इस मौके पर एसएचओ सोनहा राजेश कुमार मिश्रा, डॉ. उमैमा, विवेक यादव, केंद्र प्रभारी डॉ. अनिल यादव, शिक्षक अमरदेव आदि मौजूद रहे।