क्वारंटीन सेंटर से भागकर कानपुर पहुंचे नौ लोग
बस्ती। चौकड़ी गांव में नौ लोगों को क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था, जहां से सभी मंगलवार रात कानपुर भाग गए। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसकी पुष्टि करते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। कानपुर में संबंधित थाने को इसकी सूचना भेज दी गई है। बताया कि क्वारंटीन सेंटरों की सुरक्षा बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर क्वारंटीन सेंटर में करीब 19523 लोग 14 दिन तक रखे गए हैं। प्रशासन ने यहां रहने व खाने का पर्याप्त इंतजाम किया है। देखभाल करने के लिए सेंटरों पर लेखपाल व अन्य समक्ष की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
गांव में घूम रहे क्वारंटीन में रखे गए लोग
नगर बाजार (बस्ती)। महानगरों से पलायन कर गांव लौटे लोग नियम कानून को धता बताकर दिनभर गांवों में घूम रहे हैं जिससे गांवों में दहशत है। ग्राम पंचायत जुआजाता के प्रधान प्रतिनिधि पंकज सिंह ने बताया लॉकडाउन के बाद 14 लोग गांव लौटे हैं और परिवार के साथ रह रहे हैं। गांव से बाहर क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है लेकिन वहां रहने को तैयार नहीं हैं। इसकी जानकारी पीएचसी बहादुरपुर को दी गई है। ग्राम पंचायत टेमा में महानगरों से 13 लोग लौटे हैं। प्रधान प्रतिनिधि इरफान अहमद ने बताया कि इनके रहने खाने की व्यवस्था प्राथमिक विद्यालय में की गई है। प्रधान बिरऊपुर बलराम ने बताया कि महानगरों से 8 लोग लौटे हैं। सभी अपने परिजनों के साथ रह रहे हैं। इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है। क्षेत्र के बभनिया बुुुुजुर्ग, अइलिया, बकैनिया द्वीप में क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है।
हर्रैया तहसील में बनाए गए 12 क्वारंटीन सेंटर
विक्रमजोत। महानगरों से पलायन कर घर पहुंचे संदिग्धों के लिए 12 क्वारंटीन सेंटर बनाए गए हैं।
हरैया तहसील क्षेत्र में महिला डिग्री कॉलेज थानाखास, जूनियर हाईस्कूल भदावल, गौर ब्लॉक में महादेव प्रसाद डिग्री कॉलेज, आईटीआई कॉलेज, दुबौलिया में जयप्रभा कॉलेज भिउरा, एडी एकेडमी धरमपुर, विवेकानंद इंटर कॉलेज दुबौलिया, विक्रमजोत ब्लॉक में अशोक इंटर कॉलेज छावनी, वाल्मीकि इंटर कॉलेज, कप्तानगंज में संतकबीर इंटर कॉलेज पिकौरासानी, नोहरादेवी डिग्री कॉलेज गड़हा गौतम, परशुरामपुर में किसान इंटर कॉलेज में क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेमप्रकाश मीणा ने बताया यहां दो दर्जन लोगों को क्वारंटीन में रखा गया है।