बिना एनओसी मंडी समिति की सड़क पर पीडब्ल्यूडी ने शुरू करा दिया निर्माण कार्य- संवाद
- फोटो : घटना स्थल पर जांच करने पहुंचे एसपी, एएसपी व एसडीएम।
बस्ती। नेशनल हाईवे के अमौली में एक सड़क को लेकर दो विभाग आमने-सामने आ गए हैं। विभागों में आपसी तालमेल गड़बड़ाया तो बात सामने आई। बताया गया कि बिना मंडी समिति से एनओसी लिए उसकी सड़क पर पीडब्ल्यूडी ने निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। इससे दोनों विभाग के अधिकारी आमने-सामने आ गए हैं। मंडी समिति ने इसको लेकर आपत्ति दर्ज कराते हुए कार्य रोकने की मांग की है।
बताया गया कि मंडी समिति की करीब डेढ़ किमी. सड़क पर बिना विभाग की जानकारी के ही लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू करा दिया। मंडी समिति के अफसरों ने अब डीएम और पीडब्ल्यूडी में शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार, मंडी समिति ने एनएच-28 पर अमौली होते हुए बस्ती-मेंहदावल मार्ग पर डेढ़ किमी. सड़क बनवाने के लिए 10 अक्तूबर को निविदा निकाली थी। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद दो दिन पहले जब ठेकेदार काम कराने के लिए मौके पर पहुंचा तो देखा कि वहां पहले कुछ श्रमिक काम करते मिले। उसने जानकारी ली तो पता चला कि वह पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी हैं।
इस पर ठेकेदार ने मंडी सचिव को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मंडी समिति के उप निदेशक निर्माण राम प्रसाद ने पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड, प्रांतीय खंड के एक्सईएन और अधीक्षण अभियंता के साथ जिला गन्ना अधिकारी को पत्राचार किया है। इसमें लिखा है कि बिना एनओसी लिए सड़क पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सड़क की स्वीकृति मंडी समिति को मिल चुकी है। टेंडर भी हो चुका है, कार्य शुरू होने वाला है। इसके पहले यह कार्य होना गलत है। जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन निर्माण खंड वन का कहना है कि गन्ना विभाग से यह सड़क ट्रांसफर होकर मिली थी। स्वीकृति के बाद ही कार्य शुरू कराया गया है।