बस्ती। जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के मुख्य गेट के सामने टूटी पुलिया की मरम्मत करा दी गई है। शनिवार को स्लैब दुरुस्त करने का काम पूरा हो गया। हालांकि, स्लैब अभी कच्चा होने के कारण आवागमन बहाल नहीं किया गया है। इसके मजबूत होने के बाद रास्ता खोल दिया जाएगा।
पुलिया टूटने की समस्या को अमर उजाला ने छह नवंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने संज्ञान लेकर मरम्मत कार्य शुरू कराया। पीडब्ल्यूडी की ओर से करीब तीन महीने पहले इस पुलिया का निर्माण कराया गया था। निर्माण के दौरान ही जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ठेकेदार से आपत्ति जताई थी लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया।
पांच नवंबर को बीज लदा ट्रक गोदाम की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिया का स्लैब भरभराकर ढह गया और ट्रक का पहिया उसमें फंस गया। रातभर ट्रक फंसा रहा। अगले दिन सुबह बीज उतरवाने के बाद किसी तरह ट्रक को बाहर निकाला गया। इसके बाद से रास्ते पर आवागमन बाधित था। जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम ने बताया कि ट्रक से आने वाले बीज को सड़क पर उतरवाकर छोटे वाहनों से गोदाम तक पहुंचाया जा रहा था। अब पुलिया की मरम्मत हो गई है।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक के अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिया का स्लैब क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली थी। उसे दुरुस्त करा दिया गया है। स्लैब अभी कच्चा है इसलिए सुरक्षा के लिहाज से आवागमन रोका गया है।