बस्ती। दीपावली पर जिलेभर में लक्ष्मी पूजा की धूम है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक 1504 पूजा पंडालों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियां स्थापित की गई हैं। धनतेरस से ही पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। दर्शन-पूजन के दौरान गणेश-लक्ष्मी के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो रहा है।
पूजा समितियों की ओर से सुबह-शाम आरती की जा रही है। शाम ढलते ही श्रद्धालु परिवार के साथ प्रतिमाओं के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। समितियों की ओर से प्रसाद वितरण भी किया जा रहा है। श्रद्धालु सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ देवी-देवताओं को चढ़ावा चढ़ा रहे हैं। रात में पंडालों में भजन-कीर्तन का आयोजन हो रहा है।
पूजा समारोह को देखते हुए पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। सभी पंडालों में अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित कराई गई है। संबंधित थानों की पुलिस समय-समय पर पंडालों में पहुंचकर आयोजन समितियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ले रही है। पांच दिवसीय पूजा समारोह में रविवार से श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है। दीपावली पर लोग आसपास के पंडालों में पहुंचकर गणेश-लक्ष्मी का पूजन करेंगे।
-
लालगंज में सबसे अधिक 170 मूर्तियां स्थापित
जिले में सबसे अधिक 170 मूर्तियां लालगंज थाना क्षेत्र में स्थापित की गई हैं। इसके बाद सोनहा में 143, रुधौली में 136 और वाल्टरगंज में 130 मूर्तियां स्थापित हैं। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में 125 और कोतवाली क्षेत्र में 77 मूर्तियां रखी गई हैं। इसी तरह हर्रैया में 40, परशुरामपुर में 85, छावनी में 32, कप्तानगंज में 115, दुबौलिया में 51, मुंडेरवा में 102, पैकोलिया में 27, गौर में 77, कलवारी में 89 और नगर थाना क्षेत्र में 105 मूर्तियां स्थापित की गई हैं। पुलिस की ओर से प्रतिमा विसर्जन की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। 10 नवंबर को निकलने वाले विसर्जन जुलूस के दौरान सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
कोट
लक्ष्मी पूजा समारोह को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। सभी थानाध्यक्षों और सीओ को पंडालों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। हम स्वयं भी निरीक्षण कर रहे हैं। विसर्जन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
-ओमवीर सिंह, एसपी