नगर पंचायत नगर बाजार मे सडक मे बने गड्ढे मे धान की रोपाई करते ग्रामीण,
नगर बाजार। नगर पंचायत नगर बाजार के थाना रोड पर लंबे समय से बने जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या से नाराज स्थानीय लोगों ने बुधवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। मनोज यादव के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के बीच धान की रोपाई कर प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
विरोध प्रदर्शन भगवती प्रसाद शंकर देवी इंटर कॉलेज के पास स्थित थाना रोड पर किया गया जहां बारिश के बाद सड़क पर लगातार जलभराव बना रहता है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
मनोज यादव ने कहा कि संबंधित अधिकारियों से कई बार सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की गई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब सड़क खेत जैसी दिखाई देने लगी है तो मजबूर होकर उसी में धान की रोपाई कर विरोध दर्ज कराया गया है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मांग की कि थाना रोड की क्षतिग्रस्त सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए और स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर विजय कुमार उर्फ दिग्विजय, शुभम गौड, कृष्ण कुमार, जनार्दन यादव, सुनील, मोनू, विकास, राहुल आदि मौजूद रहे।