भानपुर। सोनहा थाने में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव ने थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह के साथ फरियादियों की शिकायतें सुनी। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि कुल 15 लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराई। इसमे पुलिस विभाग के छह तथा राजस्व विभाग के नौ प्रकरण शामिल थे। राजस्व विभाग के एक और पुलिस विभाग के दो प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण हो गया। जबकि अन्य प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस की टीम गठित कर निस्तारण के लिए मौके पर भेजा गया। कलवारी प्रतिनिधि के अनुसार प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार की अध्यक्षता में लगे समाधान दिवस में कुल राजस्व संबंधित 22 मामले आए।
जिसमें किसी भी मामले का निस्तारण मौके पर नहीं हो सका। उप जिलाधिकारी सदर शत्रुघ्न पाठक तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह ने समस्याएं सुनी। मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर निस्तारित करने का निर्देश दिया गया।
समाधान दिवस में राजस्व निरीक्षक अशर्फीलाल व नंदलाल, उप निरीक्षक पंकज कुमार पांडेय, लालजी यादव, दिनेश यादव, शैलेश यादव, राकेश कुमार मिश्रा, सर्वेश कुमार सोनकर, आनंद यादव, पूनम पाठक आदि लोग मौजूद रहे।