नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र के निरंजनपुर गांव के पास रविवार को बिजली आपूर्ति बहाल करने के दौरान करंट लगने से एक निजी लाइनमैन की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर प्रतापपुर फीडर पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद वे शांत हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सपहा निवासी राजू (48) निजी तौर पर बिजली आपूर्ति ठीक करने के लिए निरंजनपुर गांव में पोल पर चढ़कर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की। इसी बीच परिजन शव लेकर प्रतापपुर फीडर पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक नगर राम प्रसाद यादव, करहली चौकी प्रभारी सर्वेश कुमार चौधरी समेत बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया, जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक राम प्रसाद यादव ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं बिजली निगम के अवर अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि मृतक न तो विभाग का नियमित कर्मचारी था और न ही संविदाकर्मी। वह किसके निर्देश पर पोल पर चढ़कर काम कर रहा था, इसकी भी जांच कराई जाएगी। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।