कंटेनर से टकराई प्राइवेट बस, चालक गंभीर
महराजगंज (बस्ती)। बिहार से जम्मू कश्मीर जा रही प्राइवेट बस कंटेनर से टकरा गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में बस में सवार यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस के घायल चालक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बनी है।
बिहार से यात्रियों को लेकर जम्मू-कश्मीर जा रही बस बुधवार को भोर में पांच बजे जैसे ही हाईवे के हर्रेया थाना क्षेत्र के रजौली गांव के निकट पहुंची, तभी उसके आगे चल रही कंटेनर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। उससे बस आगे चल रहे कंटेनर से जा टकराई। घटना में बस चालक राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आईं।
पुलिस ने घायल बस चालक को एंबुलेंस से सीएचसी हर्रैया भेजा। यात्रियों को दूसरे बस से आगे के लिए रवाना कर दिया गया है। बस चालक की हालत बिगड़ने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हर्रैया के प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि बस चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है।
हाईवे पर हुए सड़क हादसे में घायल बस चालक राजकुमार गंभीर रूप से घायल हालत में पड़े थे। उनकी जेब में 19 हजार रुपये भी थे। एंबुलेंस पर लादते समय रकम गिर गई। 108 नंबर की एंबुलेंस के ईएमटी मुकेश पांडेय और चालक शिवचंद्र यादव ने हर्रैया थाने के पुलिस कर्मियों के सामने जिला अस्पताल में डॉ. इकबाल अहमद को 19 हजार रुपये सौंप दिए। पुलिस कर्मियों और एंबुलेंस चालक की ईमानदारी से हर कोई उनका तारीफ कर रहा था।